20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की आमद के मद्देनजर समारोह की तैयारियों का लिया जायजा
25 सितंबर से शुरू होने वाले श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने का दिलाया भरोसा
जालंधर, 22 सितंबर : डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह आज ऐतिहासिक श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में नतमस्तक हुए और इस पवित्र स्थान पर लगने वाले सालाना मेले के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में भी मत्था टेका और सभी के भले के लिए अरदास की।

दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर का दौरा किया और देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की उचित और निर्विघ्न आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे क्योंकि मेले के दौरान 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मंदिर आने की उम्मीद है।

डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर ने कहा कि भारी जमावड़े के मद्देनजर धार्मिक स्थान और अन्य अहम जगहों पर आवश्यक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। मेले के दौरान प्रबंधों संबंधी बेहतर तालमेल और किसी भी जरूरत पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए मंदिर परिसर में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।

