जालंधर: जालंधर शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति के खिलाफ आज जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर खड़े होकर पंजाब की भगवंत मान सरकार, जालंधर नगर निगम, मेयर वनीत धीर और कैबिनेट मंत्री महिंद्र भगत के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया और पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने प्लाजा चौक, पंजाब भाजपा उपप्रधान एवं पूर्व मेयर राकेश राठौड़ ने रामामंडी चौक, पूर्व विधायक के.डी. भंडारी ने विकासपुरी, पूर्व विधायक शीतल अंगूराल एवं भाजपा पार्षद दल के नेता मंजीत सिंह टीटू ने बस्ती लाल पहाड़ी के पास तथा पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा और प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह अमरी ने कूड़े के डंप पर खड़े होकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जालंधर के प्रमुख चौकों, सड़कों, रिहायशी इलाकों, धार्मिक स्थानों और यहां तक कि शहीदों के स्मारकों के सामने कूड़े के ढेर लगना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था की यह दुर्दशा जालंधर नगर निगम और पंजाब सरकार की पूरी तरह विफलता को उजागर करती है।

जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि जालंधर की जनता टैक्स और अन्य रूपों में सरकार को पैसा देती है, लेकिन बदले में उसे गंदगी, बदबू और बीमारी का खतरा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने चुनावों से पहले साफ-सफाई और बेहतर सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज शहर के चौक और सड़कें कूड़े के डंप में तब्दील हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर जालंधरवासियों को कूड़े के ढेरों से परेशान नहीं होने देगी और जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर नगर निगम और सरकार के हर मंच तक लड़ी जाएगी।

