28 अगस्त को पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

Oplus_131072

सिख इतिहास और आस्था के संगम ‘रखड़ पुन्निया’ में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह

रक्षाबंधन पर पंजाब प्रवास के दौरान सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) और ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा बकाला साहिब में शीश नवाएंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह

केंद्रीय ​कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान उमरा नंगल में ‘किसान चौपाल’ में किसानों से करेंगे सीधा संवाद

नई दिल्ली/​बाबा बकाला/अमृतसर (पंजाब), 27 अगस्त 2026,* रक्षाबंधन और ‘रखड़ पुन्निया’ के पावन ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 28 अगस्त को पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जहां सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) और ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा बकाला साहिब में शीश नवाकर देश की सुख-समृद्धि की अरदास करेंगे, वहीं सिख इतिहास और आस्था के संगम ‘रखड़ पुन्निया’ में शामिल होंगे, साथ ही बाबा बकाला के गांव ‘उमरा नंगल’ में आयोजित विशेष ‘किसान चौपाल’ में अन्नदाताओं से सीधा संवाद भी करेंगे।

   ​रखड़ पुन्निया: ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व

पंजाब के बाबा बकाला साहिब में आयोजित होने वाला ‘रखड़ पुन्निया’ मेला केवल रक्षाबंधन की परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सिख पंथ के गौरवशाली इतिहास का अहम पड़ाव है। वर्ष 1664 में रक्षाबंधन के दिन ही बाबा बकाला की पावन धरती पर नौवें सिख गुरु, हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की पहचान उजागर हुई थी। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को नमन करने हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहाँ पहुँचते हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 28 अगस्त को सुबह अमृतसर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकेंगे और आशीर्वाद लेंगे।

इसके बाद वे सीधे बाबा बकाला के गांव उमरा नंगल पहुंचेंगे, जहां प्रातः 11 बजे से स्थानीय किसानों के साथ ‘किसान चौपाल’ में बैठकर खेती-किसानी के मुद्दों और कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

​दोपहर सवा 12 बजे वे गुरुद्वारा बाबा बकाला साहिब में दर्शन कर शीश नवाएंगे। इसके उपरांत वे 12:30 बजे से रखड़ पुन्निया के अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद केंद्रीय मंत्री श्री चौहान दोपहर 3:30 बजे अमृतसर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।