श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलकर ही आदर्श समाज की सृजना की जा सकती है – मोहिंदर भगत

लोक सभा सदस्य राज कुमार चब्बेवाल ने श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का दिया न्योता

श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित फिरोजपुर में हुआ महान कीर्तन समागम

फिल्लौर /जालंधर, 22 अगस्त श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित महान कीर्तन समागम पूरे आत्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ आज नई दाना मंडी, गांव सैफाबाद, फिल्लौर में करवाया गया। महान कीर्तन समागम के दौरान पंजाब के रक्षा सेवाएं एवं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत, होशियारपुर से लोक सभा सदस्य डा. राज कुमार चब्बेवाल, हल्का इंचार्ज फिल्लौर हरजोत कौर लोहटिया, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमरजीत सिंह बैंस एवं एस.डी.एम. दीपक भाटिया सहित विभिन्न प्रमुख हस्तियां नतमस्तक हुई।महान कीर्तन समागम में बड़ी संख्या में संगतों ने हाजिरी लगाकर गुरबाणी कीर्तन, कथा और भक्ति भजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर पूरा माहौल गुरु रविदास महाराज जी की बाणी और उपदेशों की रूहानी रौशनी में आध्यात्मिकता के रंग में रंग गया|

समागम के दौरान विभिन्न संत समाज की महान हस्तियों ने भी बड़ी संख्या में हाजिरी भरकर संगत को आशीर्वाद दिया । इस अवसर पर प्रसिद्ध रागी भाई दविंदर सिंह सोढ़ी (लुधियाना वाले) और श्री हरिमंदिर साहिब के हजूरी रागी भाई रविंदर सिंह द्वारा किए गए रसभीने गुरबाणी कीर्तन ने संगतों को नाम-रस में लीन कर दिया। इसके बाद भाई गुरमीत सिंह ने गुरबाणी कथा करते हुए श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, उनकी बाणी, समानता, विनम्रता और निष्काम सेवा के संदेश के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला और संगतों को गुरु साहिब के आदर्शों को अमल में लाने की प्रेरणा दी।

पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने संगतों के साथ रू-ब-रू होते हुए कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की पवित्र बाणी सर्व साझीवालता, मानवीय बराबरी, सामाजिक न्याय और सर्व के भले का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलकर ही आदर्श समाज की सृष्टि की जा सकती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी और जीवन दर्शन को घर-घर पहुंचाने तथा गुरु साहिब की बाणी पर और अधिक अध्ययन एवं शोध के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे है।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा जालंधर के गांव नौगज्जा/फरीदपुर में 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में 37 करोड़ रुपये की लागत से श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रदेश के युवाओ को गुरु साहिब की बाणी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर लोक सभा सदस्य डा. राज कुमार चब्बेवाल द्वारा समस्त संगतों को श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान का श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित बड़े-बड़े समागम करवाकर प्रदेशवासियों विशेष कर युवा पीढ़ी को गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से परिचित कराने के लिए किए जा रहे गंभीर प्रयासों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार स्वयं को बहुत ही भाग्यशाली महसूस करती है कि उनके कार्यकाल में श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में विशाल कीर्तन समागमों के साथ-साथ विशेष प्रचार वैनों के माध्यम से प्रदेश भर के गांवों में गुरु जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई जा रही है, ताकि नौजवान पीढ़ी गुरु साहिब के महान संदेश से जुड़ सके। उन्होंने लोगों को श्री गुरु रविदास महाराज जी के बताए धर्म, दया और मानवता के मार्ग पर चलने की अपील की।

अंत में हल्का इंचार्ज फिल्लौर हरजोत कौर लोहटिया ने समस्त संगत का श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित इस महान कीर्तन दरबार में पहुंचने तथा कीर्तन समागम को सफल बनाने के लिए समस्त धार्मिक संस्थाओं एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद किया ।