नशा मुक्ति अभियान को और तेज करने का आह्वान, चंडीगढ़ में नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित

पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू और स्टेट ऑब्जर्वर असित कुमार ने अभियान को और प्रभावी बनाने पर दिया जोर

नशों की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर गंभीर प्रयास कर रही पंजाब सरकार : दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री

जालंधर, 30 अक्टूबर -:- पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चंडीगढ़ में नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान पंजाब प्रभारी श्री मनीष सिसोदिया, स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू और स्टेट ऑब्जर्वर असित कुमार ने पदाधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान करते हुए नशा मुक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर और तेज करने का आह्वान किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा जोन इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री ने बताया कि उन्हें इस महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान नशों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए संगठन को और मजबूत बनाने, आपसी तालमेल बेहतर करने, जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा नशों के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को तेज करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

दोआबा जोन इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य को नशा मुक्त और स्वस्थ बनाने के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। सरकार की इस मुहिम को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए वार्ड डिफेंस कमेटियों और विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्य आम लोगों से सीधा संपर्क स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहरों और गांवों में गठित इन कमेटियों के सदस्य लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहे हैं और नशे की दलदल में फंसे लोगों को इससे बाहर निकलकर स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इसके अतिरिक्त लोगों को पंजाब सरकार द्वारा नशे पर निर्भर व्यक्तियों के उपचार और पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इन कमेटियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

अतिन अग्निहोत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जालंधर जिले में भी नशों की रोकथाम के लिए पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नशा मुक्ति के लिए चलाई जा रही योजनाओं और प्रयासों का लाभ उठाकर नशे पर निर्भर लोग इस बुराई से छुटकारा पाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और एक स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जालंधर जिले में नशा मुक्ति अभियान को और अधिक गति दी जाएगी। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर तालमेल बढ़ाने, जनजागरूकता फैलाने और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि पंजाब को नशा मुक्त बनाने का संकल्प साकार किया जा सके।