सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम चौक में भगवंत मान सरकार के खिलाफ पुतला फूंककर किया जोरदार प्रदर्शन
जालंधर, 19 अक्टूबर -:- जालंधर वेस्ट के पूर्व विधायक एवं पंजाब भाजपा एससी मोर्चा के प्रधान शीतल अंगुराल के नेतृत्व में आज सैकड़ों नौजवानों, महिलाओं और भाजपा के पार्षदों, मंडल प्रधान,जिला कार्यक्रणी के सदस्यों समेत कार्यकर्ताओं ने नशे के कारोबार, गुंडागर्दी और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ बाबू जगजीवन राम चौक में जोरदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि जालंधर वेस्ट में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

शीतल अंगुराल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अपनी सरकार में विधायक एवं मंत्री महिंद्र भगत के क्षेत्र में नशे के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में कुछ ऐसे लोग, जो कथित तौर पर आम आदमी पार्टी की सरकार के मंत्रियों के साथ अखबारों में नजर आते हैं वे लोग नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने के आरोपों के बीच नौजवानों की मौतों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी नशे की भेंट चढ़ रही है, लेकिन सरकार नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने में नाकाम दिखाई दे रही है। जिस वजह से नशा जालंधर वेस्ट में हर गली में पहुंच चुका है जिसकी वजह से नौजवानों की जान जा रही है।

