जालंधर, 13 अक्टूबर, 2026 -:- नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, जालंधर द्वारा आयोजित हिंदी पखवाड़ा समारोह–2026 का समापन समारोह सीमा सुरक्षा बल, जालंधर के रंगशाला में आयोजित किया गया। हिंदी पखवाड़े का आयोजन दिनांक 14 सितंबर, 2026 से 28 सितंबर, 2026 तक किया गया, जिसके अंतर्गत राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, संवर्धन तथा सरकारी कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
समापन समारोह में डॉ० शिवदान सिंह भदौरिया, प्रधान आयकर आयुक्त एवं अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, जालंधर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में डॉ० अतुल फुलझेले, भा.पु.से., महानिरीक्षक एवं श्री कंवलजीत सिंह, उप महानिरीक्षक, फ्रंटियर मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल, जालंधर छावनी की विशिष्ट उपस्थिति रही। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने वाले सदस्य कार्यालयों के प्रमुख भी इस समारोह में उपस्थित रहे। इस पखवाड़े के दौरान 09 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता कार्मिकों को अध्यक्ष, डॉ० शिवदान सिंह भदौरिया तथा विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।

