नगर निगम जालंधर में कथित घोटालों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी का जोरदार प्रदर्शन

सीवरेज, स्ट्रीट लाइटों, दूषित पेयजल और टेंडरों में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

जालंधर 14 अक्तूबर -:- आज जिला कांग्रेस कमेटी जालंधर शहरी की ओर से नगर निगम जालंधर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान नगर निगम में कथित तौर पर हो रहे घोटालों को उजागर करते हुए अधिकारियों और सत्ताधारी दल के प्रतिनिधियों पर मिलीभगत से भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर की हालत बेहद खराब हो चुकी है। लगभग हर वार्ड में सीवरेज व्यवस्था ठप पड़ी है, स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और लोगों को पीने के लिए दूषित पानी मिल रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार ने प्रॉपर्टी टैक्स में बढ़ोतरी कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। लोगों से हर महीने एक-एक हजार रुपये तक का आर्थिक बोझ पड़ने की बात कहते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी टैक्स के नाम पर करोड़ों रुपये एकत्र किए जा रहे हैं, लेकिन शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम में सुपर सक्शन मशीनों से संबंधित टेंडरों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीओ, जेई और कुछ ठेकेदारों के बीच मिलीभगत के चलते बिना काम किए बिल बनाए जा रहे हैं। सीवरेज की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा अपने चहेते ठेकेदारों को टेंडर आवंटित करवाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई विकास कार्यों को टेंडर प्रक्रिया पूरी किए बिना ही शुरू करवा दिया गया है। उनके अनुसार, कुछ कार्यों के टेंडर जारी होने से पहले ही काम शुरू करवा दिए गए हैं और ये काम सत्ताधारी पक्ष के नेताओं के करीबी ठेकेदारों से करवाए जा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।

पेयजल व्यवस्था को लेकर भी जताई नाराजगी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए ट्यूबवेलों से संबंधित कार्य एक ही ठेकेदार को सौंपे जाने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ट्यूबवेल की मोटर खराब होने पर ठेकेदार चार से पांच दिन तक उसे नहीं बदलता, जिसके चलते लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अधिकारियों और सत्ताधारी दल के प्रतिनिधियों की कथित मिलीभगत से जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है और नगर निगम में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता लाने, टेंडर प्रक्रिया की जांच करवाने और शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की।

ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी जालंधर शहरी के अध्यक्ष राजिंदर बेरी, विधायक जूनियर बावा हेनरी, जालंधर वेस्ट की हलका इंचार्ज सुरिंदर कौर, पवन कुमार, बलराज ठाकुर, गुरविंदर पाल सिंह बंटी नीलकंठ, डॉ. जसलीन सेठी, परमजीत सिंह शैरी चड्ढा, जतिंदर जोनी, नवदीप जरेवाल, निर्मल कुमार, देविंदर शर्मा बोबी, आशु शर्मा, हरप्रीत वालिया, विकास तलवाड़, सलिल बाहरी, परमजीत सिंह पम्मा, दिनेश हीर, नीरज जस्सल, दानिश मुल्तानी, परमजीत बल, मनमोहन सिंह बिल्ला, जगजीत कंबोज, दीपक शर्मा मोना, राजेश जिंदल टोनू, हरमीत सिंह, रशपाल जख्खू, जतिंदर मार्शल, प्रेम पाल डुमेली, राजेश भट्टी, राज कुमार राजू, विपिन कुमार, जगदीप सोनू संधर, मुख्तार अहमद, चरणजीत सिंह, हुसन लाल, सुरिंदर हांडा, किशोरी लाल, अशोक हंस, अनिल कुमार, मुकेश ग्रोवर, आदेश कुमार, दर्शन पहलवान, कुलबर्न सिंह, तरुण बग्गा, सुखविंदर सुच्ची पिंड, जगजीत जीता, माखन सिंह, दीना नाथ प्रधान, जसवीर बग्गा, सतीश धीर, प्रताप सिंह, सतपाल मिक्का, विक्रम शर्मा, मुनीश पाहवा, सुखजिंदर पाल मिंटू, करण वर्मा, अश्वनी जंगराल, हरभजन सिंह, संजीव दुआ, बिक्र सिंह खैहरा, मनी सैंबी, रतनेश सैनी, बंटी अरोड़ा, गुलशन सोढ़ी, सुभाष शर्मा, बब्बू सिडाना, वंश सोढल, विशाल गिल, कीमती सैनी, आनंद बिट्टू, यशपाल, अजय पाल बिंद्रा, मास्टर शरीफ चंद, हामिद मसीह, पल्लवी, शबनम, गुरमीत जस्सी और सरबजीत पिंकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।