पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन का 48वां रेजिंग डे मनाया

पेस्को ने पूर्व सैनिकों के पुनर्वास में निभाई अहम भूमिका : विंग कमांडर रजिंदर सिंह

पेस्को एक विशाल व बहुपक्षीय संस्था बनी : लेफ्टिनेंट कर्नल भुपिंदर भोला

जालंधर, 9 अक्तूबर -:- डिप्टी जनरल मैनेजर विंग कमांडर रजिंदर सिंह (रिटा.) ने जिला सैनिक कल्याण दफ्तर में जिला जालंधर, कपूरथला और शहीद भगत सिंह नगर की अगुवाई करते हुए पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन का 48वां रेजिंग डे उत्साह और गौरव के साथ मनाया।

समारोह के दौरान जिला रक्षा सेवा कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल भुपिंदर भोला (रिटा.) के अलावा प्रमुख नियोक्ताओं के प्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों में तैनात पेस्को कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

लेफ्टिनेंट कर्नल भुपिंदर भोला ने पूर्व सैनिकों और उनके वारिसों के पुनर्वास, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पेस्को द्वारा निभाई जा रही निरंतर भूमिका की भरपूर सराहना करते हुए बताया कि ऐतिहासिक पंजाब एक्ट नंबर (1978) के तहत स्थापित पेस्को आज एक विशाल और बहु-पक्षीय संस्था का रूप धारण कर चुकी है। उन्होंने बताया कि पेस्को द्वारा पूरे पंजाब और इससे बाहर 23,000 से अधिक अनुशासित और प्रशिक्षण प्राप्त कामगारों के बल को सफलतापूर्वक ढंग से संभाला जा रहा है।

इस मौके पर विंग कमांडर रजिंदर सिंह (रिटा.), डी.जी.एम. पेस्को ने संस्था के पुराने लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि पेस्को की सेवाएं सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें हथियारबंद गनमैन, सिक्योरिटी गार्ड, फील्ड सुपरवाइजर, क्लैरिकल स्टाफ, मैनेजेरियल कैडर और कुशल व अकुशल तकनीकी स्टाफ भी शामिल है।

उन्होंने आगे बताया कि पेस्को तीनों जिलों में सरकारी संस्थानों के लिए प्रमुख सहारा है। प्रमुख विभागों में पी.एस.पी.सी.एल., पी.एस.टी.सी.एल., पंजाब स्वास्थ्य विभाग, सिविल अस्पताल, म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन, जालंधर डेवलपमेंट अथॉरिटी, रेल कोच फैक्टरी, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पेस्को जहां श्रम कानूनों और नियमों का पूरी पारदर्शिता के साथ पालन करता है, वहीं सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए हजारों पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और स्थानीय युवाओं को सम्मानजनक रोजगार प्रदान कर सामाजिक-आर्थिक विकास में बड़ा योगदान दे रहा है।

समारोह के दौरान बेहतर सेवाएं निभाने वाले फील्ड अधिकारियों, सुपरवाइजरों और दफ्तरी स्टाफ को प्रशंसा पत्रों से सम्मानित किया गया।