चंडीगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर विशेष चार्जों के पंजाब राज्य नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित

प्रतिबंधित और दुर्गम क्षेत्रों में जनसंख्या गणना के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

चंडीगढ़ 5 नवंबर 2026 -:- जनगणना 2027 के तहत प्रतिबंधित एवं दुर्गम क्षेत्रों में जनसंख्या गणना (फेज-II) की तैयारियों की समीक्षा करने और राज्य के नोडल अधिकारियों को आवश्यक जानकारी देने के उद्देश्य से आज निदेशक जनगणना संचालन, पंजाब डॉ. नवजोत खोसला, आईएएस की अध्यक्षता में विशेष चार्जों के राज्य नोडल अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष चार्जों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सुरक्षित, सटीक और समयबद्ध जनगणना सुनिश्चित करना था। इन क्षेत्रों में रक्षा प्रतिष्ठान, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के क्षेत्र, कैंप एवं संस्थान, प्रशिक्षण केंद्र, वैज्ञानिक एवं अनुसंधान केंद्र तथा परिचालन/अग्रिम और दुर्गम क्षेत्र शामिल हैं, जहां आम नागरिक गणनाकारों (Enumerators) के प्रवेश पर प्रतिबंध होता है।

बैठक के दौरान बताया गया कि जनसंख्या गणना (फेज-II) 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण (Revisional Round) आयोजित होगा। जनगणना 2027 के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं दिशा-निर्देश

. राज्य के नोडल अधिकारी पंजाब में सभी विशेष चार्जों की पहचान करेंगे, उनके अंतर्गत आने वाली संभावित जनसंख्या का आकलन करेंगे तथा इसकी सूची संबंधित डीसीओ (DCO) के साथ साझा करेंगे।

. प्रत्येक विशेष चार्ज के लिए एक राजपत्रित अधिकारी को चार्ज अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

. डीसीओ पंजाब द्वारा निर्देश पुस्तिकाएं (Instruction Manuals), खाली जनगणना अनुसूचियां, लोकेशन कोड और अन्य आवश्यक जनगणना सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। आंकड़ों की एंट्री का कार्य भारत के रजिस्ट्रार जनरल के कार्यालय द्वारा उपलब्ध करवाए जाने वाले अलग मॉड्यूल के माध्यम से संबंधित विशेष चार्ज में ही किया जाएगा।

. विशेष चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 नवंबर 2026 को एनआईटीटीटीआर (NITTTR), सेक्टर-26, चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद गणनाकारों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण संबंधित विशेष चार्ज अधिकारियों द्वारा राज्य के नोडल अधिकारियों, पीसीओ और डीसीओ पंजाब के समन्वय से करवाया जाएगा।

. विशेष चार्जों के गणनाकारों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।

बैठक में राज्य के नोडल अधिकारियों, विशेष चार्ज अधिकारियों और डीसीओ पंजाब के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि प्रशिक्षण और क्षेत्रीय कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। साथ ही विशेष चार्जों में जनगणना का कार्य सटीकता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न करवाना सुनिश्चित किया जा सके।

अंत में निदेशक जनगणना डॉ. नवजोत खोसला ने बैठक में शामिल हुए सभी नोडल अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 के तहत आंकड़े एकत्रित करने की प्रक्रिया को लेकर हुई इस महत्वपूर्ण चर्चा का हिस्सा बनना गर्व की बात है।