शहीद ऊधम सिंह का नाम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित: मनोरंजन कालिया
भाजपा जालंधर शहरी ने शहीद-ए-आज़म ऊधम सिंह की 86वीं पुण्यतिथि पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
जालंधर, 31 जुलाई ( जगजीत ) भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी द्वारा शहीद-ए-आज़म ऊधम सिंह जी की 86वीं पुण्यतिथि के अवसर पर स्थानीय शहीद ऊधम सिंह नगर पार्क में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने की। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आज़म ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन भेंट किए तथा उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि शहीद-ए-आज़म ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेकर भारत के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा की तथा पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारतीय कभी भी अत्याचार को स्वीकार नहीं करते। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनका साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति प्रेम प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को महान शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

समारोह के दौरान सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आज़म ऊधम सिंह जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
