केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने तथा आप सरकार की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करने का आह्वान
शहर की बदहाल पेयजल व्यवस्था, जाम सीवरेज और टूटी सड़कों को लेकर जनता के बीच जाएं भाजपा पार्षद एवं उम्मीदवार – अशोक सरीन हिक्की
जालंधर, 28 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने पार्टी के सभी पार्षदों एवं वार्ड उम्मीदवारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू सहित सभी पार्षदों एवं वार्ड उम्मीदवारों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों तथा समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों नागरिकों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जालंधर शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है, सीवरेज जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है, सड़कों की हालत खस्ता है तथा सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। जनता रोजमर्रा की मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार और नगर निगम प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान की ओर कोई गंभीर ध्यान नहीं दे रहे।
अशोक सरीन हिक्की ने सभी पार्षदों एवं वार्ड उम्मीदवारों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएं और लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ पंजाब सरकार की विफलताओं से भी अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनावों के दौरान जो बड़े-बड़े वादे किए थे, आज जनता स्वयं उन वादों और वास्तविकता के बीच का अंतर देख रही है। भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों के आधार पर जनता के बीच जाकर आप सरकार के झूठे दावों और वादों की पोल खोलें।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती और जनता की सेवा के लिए समर्पित है। आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की नीतियों, विचारधारा और विकास के एजेंडे से जोड़ा जा सके।
बैठक में आगामी नगर निगम चुनावों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा वार्ड स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेंगे और शहर के विकास तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी,जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, भाजपा पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू, अमित सिंह संधा,तरविंदर सोई,अशोक चढा, कृष्णा मेनिया,तरसेम थापा,ब्रिज गुप्ता, दर्शन लाल भगत,अनु शर्मा,कुणाल शर्मा,पुनीत चढा,हितेश सियाल,जसवीर सिंह जज,विपन शर्मा गोल्डी,सभी भाजपा पार्षद एवं वार्ड उम्मीदवार उपस्थित रहे।
