पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के सामने ही सुरक्षित नहीं सड़कें, तो शहर की सुरक्षा का क्या होगा : राजिंदर बेरी
जालंधर 28 अक्तूबर -:- शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब चोरों ने पुलिस कमिश्नर और एसएसपी कार्यालय के सामने वाली सड़क को भी नहीं बख्शा। चोर सड़क की खुदाई कर एक निजी कंपनी की लाखों रुपये की टेलीफोन केबल चोरी करके ले गए।
जिला कांग्रेस कमेटी जालंधर शहरी के अध्यक्ष राजिंदर बेरी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
राजिंदर बेरी ने बताया कि बीते दिनों पुलिस कमिश्नर कार्यालय वाली सड़क और एसएसपी कार्यालय के बिल्कुल सामने से चोर एक निजी कंपनी की टेलीफोन केबल चोरी करके ले गए। बताया जा रहा है कि इस चोरी की वारदात को लगभग 25 से 30 व्यक्तियों ने अंजाम दिया और लाखों रुपये की केबल निकालकर ले गए।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर दोबारा केबल बिछाने का काम कर रहे निजी कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी शहर में चार से पांच स्थानों से केबल चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
राजिंदर बेरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि एसएसपी कार्यालय के बिल्कुल सामने सड़क की खुदाई कर इतनी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस सड़क पर पुलिस कमिश्नर और एसएसपी देहाती के कार्यालय स्थित हों, यदि वही सड़क सुरक्षित नहीं है, तो शहर के बाकी हिस्सों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
बेरी ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस चोरी के मामले की गहन जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि आखिर कौन-सा गिरोह शहर में इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे रहा है।
उन्होंने मांग की कि चोरी की इन घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और शहरवासियों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।