शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों और चौराहों को आकर्षक बनाने पर जोर : मेयर विनीत धीर
जालंधर, 28 अक्टूबर: जालंधर शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज मॉडल टाउन के प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित आइलैंड का उद्घाटन जालंधर नॉर्थ के हल्का इंचार्ज और मेयर विनीत धीर ने किया। मॉडल टाउन शहर के प्रमुख और खूबसूरत इलाकों में शुमार है। ऐसे में इसके प्रवेश द्वार पर विकसित किया गया आइलैंड इलाके की सुंदरता को और निखारने के साथ-साथ शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को एक आकर्षक दृश्य प्रदान करेगा। इस पहल को जालंधर को अधिक सुंदर, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मेयर विनीत धीर ने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में आइलैंड विकसित करने और प्रमुख चौराहों एवं प्रवेश मार्गों की सुंदरता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन स्थानों को बेहतर तरीके से विकसित करने से न केवल शहर की बाहरी सुंदरता में सुधार होता है, बल्कि जालंधर की एक सकारात्मक और आधुनिक पहचान भी बनती है। मॉडल टाउन जैसे प्रमुख इलाके में इस प्रकार का विकास शहर के सौंदर्यीकरण की मुहिम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

