पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने साहिबजादा अजीत सिंह नगर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के उपायुक्तों के साथ की समीक्षा बैठक
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ऑनलाइन भाग लिया; नवंबर में निकाली जाने वाली शोभा यात्राओं की तैयारियों का भी लिया जायजा
चंडीगढ़/साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 26 अगस्त -:- पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सोंद ने आज कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत राज्य भर में 92 विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासनिक परिसर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में साहिबजादा अजीत सिंह नगर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री स. सोंद ने आगामी ड्रोन शो तथा अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर मोहाली के विधायक स. कुलवंत सिंह, पंजाब टूरिज्म एंड हेरिटेज प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार श्री दीपक बाली तथा डेरा कठार (डेरा बल्लां से संबंधित) के संत बाबा प्रदीप दास जी भी उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने बैठक में ऑनलाइन भाग लिया।
स. सोंद ने कहा कि संत-महापुरुषों के मार्गदर्शन एवं सुझावों के अनुसार पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके तहत कीर्तन दरबार, विश्वविद्यालयों में सेमिनार, स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं तथा श्री गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी एवं शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से तैयार किए गए ड्रोन शो सितंबर माह से शुरू किए जाएंगे। प्रत्येक शो में 500 से अधिक ड्रोन एक साथ आकाश में प्रस्तुति देंगे। डिजिटल तकनीक के माध्यम से रात्रि के समय आकाश में श्री गुरु रविदास जी की बाणी, जीवन एवं शिक्षाओं को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के महान संदेश से जोड़ा जा सके।
स. सोंद ने कहा कि प्रत्येक ड्रोन शो लगभग 25 से 30 मिनट का होगा। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि ड्रोन शो के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जाए तथा आम जनता को शो की तिथि, समय और स्थान के बारे में पहले से जानकारी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार के लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि उसे महान गुरु साहिबान एवं संत-महापुरुषों से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसरों को समर्पित कार्यक्रम आयोजित करने की सेवा प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और अब श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
शोभा यात्राओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स. सोंद ने बताया कि काशी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री गुरु रविदास जी से संबंधित पवित्र स्थल खुरालगढ़ साहिब पहुंचकर संपन्न होंगी। उन्होंने बताया कि ये शोभा यात्राएं नवंबर माह में निकाली जाएंगी और काशी से शुरू होने वाली शोभा यात्रा मोहाली में रात्रि पड़ाव के दौरान ठहरेगी।
उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी एवं शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म अब तक राज्य के लगभग 3,500 गांवों में प्रदर्शित की जा चुकी है, जबकि पंजाब में कुल लगभग 13,500 गांव हैं। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म को राज्य के अन्य गांवों तक पहुंचाने के लिए 50 वैन का काफिला लगातार कार्य कर रहा है।
स. सोंद ने कहा कि साल भर चलने वाले इन कार्यक्रमों के समापन अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा दिसंबर माह में खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
संत बाबा प्रदीप दास जी ने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित किए जा रहे कार्यक्रमों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के अनुयायी पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम संत समाज के मार्गदर्शन एवं विचार-विमर्श के साथ तैयार किए गए हैं और पंजाब सरकार द्वारा गुरु साहिब के प्रति पूर्ण श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने ऑनलाइन भाग लेते हुए कहा कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले कार्यक्रमों से संगत में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण पैदा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान और संगत का इन कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
मोहाली के विधायक स. कुलवंत सिंह ने विचार-विमर्श में भाग लेते हुए कहा कि मोहाली में ड्रोन शो का आयोजन बड़ी संख्या में संगत की भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक करवाया जाएगा।
पंजाब टूरिज्म एंड हेरिटेज प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार श्री दीपक बाली ने कहा कि ये आधुनिक एवं प्रभावशाली ड्रोन शो समूची संगत, विशेषकर युवा पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी की बाणी एवं शिक्षाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में उपायुक्त श्रीमती कोमल मित्तल, निदेशक पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले पंजाब, उपायुक्त रूपनगर श्री आदित्य डेचलवाल तथा उपायुक्त शहीद भगत सिंह नगर स. गुलप्रीत सिंह औलख (दोनों ऑनलाइन), आम आदमी पार्टी एस.सी. विंग के अध्यक्ष स. गुरप्रीत सिंह जी.पी. और महासचिव स. बलजिंदर सिंह चोंदा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit, fringilla viverra ultrices nunc nulla et pharetra, nec metus sollicitudin phasellus ad leo. Fusce litora dictum aptent […]